पुलिसकर्मी ने खुद को गोली मारकर दे दी जान
ड्यूटी के दौरान घटना, द्वारकापुरी थाने में थे पदस्थ
इंदौर। एक पुलिसकर्मी ने ड्यूटी के दौरान सुसाइड कर लिया। मामला शुक्रवार तडक़े करीब 5 बजे का है। 28 वर्षीय अनुराग भागोर ने द्वारिकापुरी इलाके में दिग्विजय मल्टीस्टोरी बिल्डिंग के एक फ्लैट में खुद को गोली मार ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
घटना के समय अनुराग के साथ सिपाही मोहित भी मौजूद था। उसने बताया कि अनुराग ड्यूटी के दौरान आ रहे फोन कॉल्स रिसीव नहीं कर रहा था। शुरुआती जांच में पत्नी से विवाद की बात सामने आई है। अनुराग की डेढ़ साल पहले लव मैरिज हुई थी। पत्नी रानू धार के माड़व की रहने वाली है। 7 दिन से मायके में ही है।
अनुराग, अलीराजपुर का निवासी था। द्वारिकापुरी थाने से पहले वह सर्राफा थाने में था। परिवार में बड़ा भाई अविनाश और छोटा भाई देवेंद्र है। अनुराग मंझला था। पिता वेटरिनरी डिपार्टमेंट से रिटायर्ड हैं। अनुराग की बुआ के बेटे राजेंद्र ने बताया कि उसे पुलिस विभाग में 10 साल हो गए थे।