घर के बाहर बैठा युवक, बदमाशों ने उतार दिया मौत के घाट
चाकू से ताबड़तोड़ किए वार, दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
इंदौर। शुक्रवार की रात लसूडिय़ा इलाके में घर के बाहर बैठे युवक पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी और भाग निकले। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताते हैं कि मृतक का भाई आरोपी की बहन से बात करता था। इसी से नाराज लडक़ी के भाई ने ही उसे मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक का नाम दुर्गेश पिता सजन सिंह सोलंकी (21) निवासी रविदास नगर लसूडिया है। कल रात में अपने घर के बाहर बैठा था, इस दौरान आरोपी करण और कन्हैया ने उसे चाकू से गोद डाला। जांच में यह बात सामने आई की करण की बहन से मृतक दुर्गेश का भाई गौरव बात करता था। इसी बात को लेकर वाद विवाद की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस ने देर रात कन्हैया और कारण दोनों को हिरासत में ले लिया है।
उधर, घटना को लेकर अध्यक्ष मनोज परमार ने आंदोलन की चेतावनी दी है, उन्होंने कहा है कि जब तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं हो जाते और उनके मकान नहीं तोड़ दिए जाते हैं तब तक मृतक का दाह संस्कार नहीं किया जाएगा। मनोज परमार ने बताया कि पिछले 20 दिनों में दलित युवक की तीसरी हत्या हुई है। इसीलिए दलित समाज में आक्रोश बना हुआ है। परमार ने बताया कि आज लाश को सडक़ पर रखकर चक्काजाम भी करेंगे और अनिश्चित कालीन धरना-प्रदर्शन भी करेंगे जब तक दोषियों प सख्त कार्रवाई नहीं की जाती।