राम कथा की कलश यात्रा में भगवा ध्वजों से सजा लटेरी,आज से अंतर्राष्ट्रीय कथा व्यास प्रेमभूषण महाराज सुनाएँगे मानस की चौपाइयां
पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा की स्मृति में उनके जन्मदिन पर 24 जनवरी से 1 फरवरी तक आयोजित होगी श्री रामकथा
सिरोंज। पूर्व मंत्री स्व. लक्ष्मीकांत शर्मा की स्मृति में उनके जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार से प्रारम्भ हो रही श्री रामकथा के एक दिन पूर्व नगर में भव्य कलश यात्रा से लटेरी नगर राममय नज़र आई। जिसमें लटेरी नगर सहित समूचे अंचल के नागरिकों ने सहभागिता करते हुए शोभायात्रा में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
आनंदपुर रोड स्थित रेंज वाली माता मंदिर से पूजा अर्चना के उपरांत प्रारंभ हुई शोभायात्रा में सबसे आगे भगवा ध्वज थामे युवा और किशोर चल रहे थे। इसके बाद आकषर्ण तरीके से सजे पीतल और मिट्टी के कलशों को अपने सिर पर रखकर महिलायें, युवतियां एवं किशोरियां चल रहीं थी साथ मे कथासमिति के सदस्यगण रामचरित मानस को अपने सर पर स्थापित कर श्रद्धालुओं के साथ कदम ताल कर रहे थे। शोभायात्रा में हजारों महिलाएं मंगलगान करती हुई चल रही थी वही डीजे की थाप पर युवाओं ने श्री रामचंद्र की जयकारों से आसमान गुंजायमान कर दिया इसके बाद बग्गी में श्री राम के दरबार का चित्र की आकर्षक झाँकी सजी हुई थी। इसके उपरांतप एक रथ में पूर्व मंत्री स्व.लक्ष्मीकांत शर्मा का चित्र की झाँकी चल रही थी शोभायात्रा में ढोल ताशों के साथ बीनागंज की सुप्रसिद्ध शहनाई पर बज रहे संगीतमय धार्मिक भजनों पर श्रद्धालुओं जमकर नाचते गाते नज़र आए। विशाल शोभायात्रा के आखिरी छोर पर भगवान श्री राम जी के स्वरूप की आकर्षक झांकी में स्वरूप बने कलाकारों द्वारा रामजी के भजन पर नृत्य की प्रस्तुति दी जा रही थी। शोभायात्रा में विशेष आकर्षण का केंद्र केरल के कत्थक कली नृत्य के स्वरूप से सजे कलाकार और फूलों की तोप रही। शोभायात्रा में सबसे आगे चल रही तोप ने फूल उड़ाकर शामिल श्रद्धालुओं का फूलों की पंखुड़ियों से स्वागत किया। कलश यात्रा का स्वागत करने के लिए लटेरी नगर सहित आसपास के लोगों का जनसैलाब उमडा जिसको देखकर लटेरी अयोध्या सी नजर आई। बग्गी में सजे उनके चित्र को देखकर कलशयात्रा में शामिल जनता भावुक भी हुई। शोभायात्रा का महिला संगठनों,जातीय संगठनों, धार्मिक संगठनों, व्यापारिक संगठनों ने स्वागत मंच बनाकर यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। नगर के मुख्य मार्ग से होती हुई यह कलशयात्रा कथा स्थल बाल हनुमान मंदिर तपोवन भूमि आश्रम पर बने विशाल पंडाल में पहुँचकर सम्पन्न हुई।
श्रीकलश स्थापना कर हुआ श्रीगणेश
श्री राम कथा के पूर्व लटेरी नगर में निकली इस भव्य शोभायात्रा का समापन कथास्थल पर मुख्य कलश की स्थापना मंत्रोच्चार के साथ पूजन आरती कर संपन्न हुआ। इस अवसर पर विधायक उमाकान्त शर्मा ने उपस्थित श्रद्धालुओं ओर लटेरी वासियों का कलशयात्रा में शामिल होने का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सबके लाड़ले बेटा,भाई हम सबके नेता स्व.लक्ष्मीकांत जी की स्मृति में माघ के पवित्र मास में भव्य रामकथा होने जा रही है। आप सब ही इस पुण्यक़ारी भव्य और दिव्य आयोजन के आयोजक है।
आज से गूँजेगी श्री राम कथा में मानस की चौपाइयाँ
स्व.लक्ष्मीकांत शर्मा स्मृति लोककल्याण न्यास के तत्वाधान में उनके जन्मदिन के उपलक्ष्य में प्रारंभ हो प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रेमभूषण जी के श्री मुख से मंगलवार से प्रारंभ हो रही श्रीराम कथा में रामचरित मानस की चौपाइयां के साथ मधुर भजनों का आनंद रस पांडाल में बरसेगा। यह राम कथा प्रतिदिन दोपहर दो बजे से प्रारंभ होकर सायं छह बजे तक आयोजित होगी। उल्लेखनीय है कि 24 जनवरी को मध्यप्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री और जननेता स्व. लक्ष्मीकांत शर्मा का जन्मदिवस है। इस उपलक्ष्य में न्यास द्वारा श्री राम कथा का आयोजन किया जा रहा है।