भंडारे में झगड़ा, दो युवकों पर हमला
बदमाशों ने पीछा कर मारे चाकू 
इंदौर। कल रात भंवरकुआ थाना क्षेत्र में दो युवक भंडारा खाने के लिए गए थे, जहां उनका एक बदमाश से विवाद हो गया। दोनों जब रात को घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में बदमाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर चाकू से हमला कर दिया और भाग निकले। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार चितावद कांकड़ मेंरहने वाले रोहित पिता पूनम सिलावट 21 वर्ष व अमन पाल 18 को कल रात गम्भीर हालत में एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों दोस्त इलाके में हो रहे भंडारे में गये थे, वहाँ अज्ञात आरोपी से उनका विवाद हुआ था, भंडारे से लौटते समय आरोपीयो ने पीछा करते हुए तीन इमली पुलिया के पास घेरकर उन दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे दोनों बुरी तरह घाायल हो गए। दोनों को लहुलूहान कर बदमाश मौके से भाग निकले। राह चलते लोगों ने दोनों को घायल देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सन्देह के आधार पर कुछ आरोपियों की हिरासत में लिया व केस दर्ज कर घटना की जांच शुरू की है।
संपत्ति का विवाद, महिला को गुप्ती मारी
संपत्ति को लेकर हुए विवाद में महिला पर उसके देवर ने गुप्ती से जानलेवा हमला कर दिया। मामला बेटमा थाना क्षेत्र के ग्राम माचल का है। यहां रहने वाली रानी पति माखन पटेल अपने घर पर थी। तभी रानी का देवर बंशी पटेल वहां पहुंचा। बंशी ने गालियां देते हुए संपत्ति में अपना बराबर का हिस्सा मांगा। रानी ने उसे जाने के लिये कहा तो बंशी ने धारदार गुप्ती निकालकर रानी के सीने, पैर व पीठ पर घातक वार कर दिया और भाग निकला। इस दौरान रानी के जेठ रमेश, देवर गोपाल व अन्य ग्रामीणों ने रानी को अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने आरोपी पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।